Devprayag News: तोताघाटी में पहाड़ी से गिरे विशाल बोल्डर की चपेट में आया ट्रक, चालक की मौके पर मौत

देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अति संवेदनशील क्षेत्र तोताघाटी के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक गिरे भारी-भरकम बोल्डरों ने सीमेंट से लदे एक ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक ऋषिकेश से सीमेंट लादकर श्रीनगर की ओर जा रहा था। तोताघाटी के पास पहुंचते ही पहाड़ी से छोटे-बड़े पत्थरों के साथ एक विशाल बोल्डर अचानक नीचे आ गिरा। बोल्डर सीधे ट्रक के केबिन को तोड़ते हुए चालक के ऊपर जा गिरा, जिससे चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। पहाड़ी से गिरे मलबे और पत्थरों के कारण ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बोल्डर के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकाला।

मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान मुरारी लाल (55 वर्ष) पुत्र निवासी पुदियानी, कर्णप्रयाग (चमोली) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी देवप्रयाग भिजवाया और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

दुर्घटना के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात करीब चार घंटे तक पूरी तरह ठप रहा। सुबह के समय जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से सड़क से मलबा व बोल्डर हटाए गए, जिसके बाद मार्ग को आंशिक रूप से यातायात के लिए खोल दिया गया।

गौरतलब है कि तोताघाटी क्षेत्र भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के लिहाज से एक खतरनाक ब्लैक स्पॉट माना जाता है। बरसात और मौसम में बदलाव के दौरान यहां ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है। प्रशासन ने वाहन चालकों से इस मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

Previous articleदेहरादून: शिक्षा निदेशक से मारपीट प्रकरण पर उबाल, शिक्षक आज से काली पट्टी बांधकर करेंगे विरोध, दो दिवसीय कार्यबहिष्कार का ऐलान
Next articleदेहरादून सिल्वर सिटी मॉल हत्याकांड: विक्रम शर्मा मर्डर केस में दो मददगार गिरफ्तार, पुलिस खुलासे के करीब