देहरादून: युवक ने फांसी लगाकर दी जान, पत्नी और तीन माह की बच्ची को कमरे में किया बंद, पुलिस जांच में जुटी

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के सुंदरवाला इलाके में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात यह है कि युवक ने घटना से पहले अपनी पत्नी और तीन माह की मासूम बच्ची को कमरे में बंद कर दिया था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि सुंदरवाला निवासी शुभम (24) पुत्र नरेंद्र सिंह ने अपने घर के कमरे में खिड़की की ग्रिल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

मौके पर पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि परिजनों ने युवक को फंदे से नीचे उतारकर कमरे के फर्श पर लिटा दिया था। इसके बाद तुरंत 108 एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की फील्ड यूनिट टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने मौके पर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया, जहां पंचनामा की कार्रवाई भी पूरी की गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक का नवंबर 2024 में प्रेम विवाह हुआ था और वह पेशे से ड्राइवर का काम करता था। साथ ही पति-पत्नी के बीच विवाद की बात भी सामने आ रही है, जिसे पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Previous articleऋषिकेश में उड़ीसा जेल से फरार एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पुलिस को लंबे समय से दे रहा था चकमा