देहरादून: खंडहर में मिली युवती की लाश, ड्रग्स की ओवरडोज से मौत की आशंका, शरीर पर मिले हैं चोट के निशान
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में उस समय सनसनी फैल गई जब रिस्पना नदी किनारे एक खंडहरनुमा मकान में 26 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ। मामला रायपुर थाना क्षेत्र के चूना भट्टा इलाके का है। पुलिस प्रारंभिक जांच में ड्रग्स की ओवरडोज से मौत की आशंका जता रही है, हालांकि युवती के शरीर पर चोट के निशान मिलने के कारण हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर चूना भट्टा क्षेत्र के पास स्थित एक खंडहरनुमा मकान में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका की पहचान शिवानी अरोरा (26) निवासी पंचपुरी सूरज बस्ती, अधोईवाला, थाना रायपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवानी की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से नशे की लत से जूझ रही थी और तीन बार नशा मुक्ति केंद्र में भी उपचार करा चुकी थी।
परिजनों ने बताया कि हाल ही में उसे फिर से हरिद्वार स्थित नशा मुक्ति केंद्र भेजने की तैयारी की जा रही थी। लेकिन वह पिछले तीन से चार दिनों से घर नहीं लौटी थी, जिससे परिवार के लोग चिंतित थे।
घटनास्थल पर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई की और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। बाद में परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में ड्रग्स की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मृतका की आंख और पैर में चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिसके चलते हत्या की संभावना को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नशे की ओवरडोज से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।



