देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। जल्द ही देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच नियमित उड़ान सेवा शुरू होने की संभावना है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जानकारी दी है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के तहत देहरादून से पिथौरागढ़ के लिए उड़ान सेवा शुरू की जाएगी। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर बताया कि इस रूट पर उड़ान संचालन के लिए आवश्यक औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुछ समय पहले केंद्रीय नागर विमानन मंत्री को पत्र भेजकर देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवाओं को मजबूत करने का अनुरोध किया था। इसके बाद केंद्रीय मंत्री की ओर से भेजे गए जवाबी पत्र में बताया गया है कि इस रूट पर उड़ान सेवा शुरू करने के लिए मैसर्स स्काईहॉप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा जरूरी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।
केंद्रीय मंत्री ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि जैसे ही सभी औपचारिकताएं पूरी होंगी, कंपनी की ओर से देहरादून–पिथौरागढ़ के बीच आरसीएस उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे कुमाऊं क्षेत्र के दूरस्थ जिलों की राजधानी से कनेक्टिविटी और अधिक बेहतर हो सकेगी।
बताया गया है कि इससे पहले इस रूट पर हवाई सेवा का संचालन मैसर्स फ्लाइबिंग कंपनी द्वारा किया जा रहा था। हालांकि, बाद में कंपनी ने इस मार्ग पर आरसीएस उड़ान संचालन का अधिकार स्काईहॉप एविएशन को सौंप दिया है।
केंद्र सरकार इस रूट पर नियमित हवाई सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए अन्य विमानन कंपनियों से भी संपर्क कर रही है। इसके लिए संबंधित कंपनियों को पत्र भेजे जा रहे हैं, ताकि भविष्य में इस रूट पर उड़ानों की संख्या बढ़ाई जा सके।
विशेषज्ञों का मानना है कि देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच उड़ान सेवा शुरू होने से न केवल यात्रियों को समय की बचत होगी, बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही आपातकालीन स्थितियों में भी हवाई कनेक्टिविटी काफी मददगार साबित होगी।



