देहरादून। राजधानी देहरादून के तिब्बती मार्केट के सामने सोमवार देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस तत्काल दून अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे आपसी विवाद की बात सामने आ रही है।
मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। बताया गया कि अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे। घटना की पुष्टि प्रमोद कुमार (एसपी सिटी) ने की है।
स्कूटी सवार हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती पुलिस जांच के अनुसार, स्कूटी सवार दो हमलावर तिब्बती मार्केट के सामने पहुंचे और अर्जुन शर्मा पर फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया।
पारिवारिक व्यवसाय और लेनदेन को लेकर था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का पारिवारिक व्यवसाय और पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, इसी विवाद को लेकर अर्जुन शर्मा की माता ने पहले ही अपने बेटे की जान को खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी प्राप्त की थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।
इलाके में दहशत, सघन चेकिंग अभियान
घटना के बाद तिब्बती मार्केट और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही, पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।



