देहरादून: राजधानी दून में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। शुक्रवार सुबह एक बार फिर गोलियों की गूंज से शहर दहल उठा। राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्पलेक्स में जिम से बाहर निकलते समय एक युवक के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात इतनी अचानक और बेखौफ अंदाज में अंजाम दी गई कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी और खनन से जुड़े कारोबार में सक्रिय था। बताया जा रहा है कि विक्रम शर्मा रोजाना की तरह जिम से बाहर निकल रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावर ने सिर को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई।
पैदल आया हत्यारा, वारदात के बाद फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर पैदल ही मौके पर पहुंचा था। गोली चलाने के बाद वह मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और हत्यारे की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं।
लगातार वारदातों से सहमा दून
राजधानी में हाल के दिनों में हुई घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज तीन दिन पहले, 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस वारदात के बाद अभी पुलिस उबर भी नहीं पाई थी कि राजपुर रोड पर एक और कारोबारी की हत्या ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सरेआम हो रही हत्याओं से आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
गुंजन हत्याकांड ने भी मचाई थी सनसनी
इससे पहले 2 फरवरी को देहरादून के दूल्हा बाजार क्षेत्र में हुए गुंजन हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था। सुबह करीब 11 बजे आकाश नामक युवक ने गुंजन के गले पर चापड़ से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष जांच टीम के माध्यम से रिकॉर्ड समय में चार्जशीट दाखिल की थी।
अन्य घटनाओं ने बढ़ाई चिंता
राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या, विकासनगर क्षेत्र में 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर की निर्मम हत्या और तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े हत्या जैसी घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरतलब है कि 29 जनवरी को विकासनगर क्षेत्र में 18 वर्षीय छात्रा मनीषा तोमर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। छात्रा का शव ढालीपुर स्थित शक्ति नहर के किनारे झाड़ियों में बरामद हुआ था। इन सिलसिलेवार घटनाओं से साफ है कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
फिलहाल राजपुर रोड हत्याकांड में पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। शहरवासियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस कितनी जल्दी इस हत्याकांड का खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाती है।



