देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक बार फिर बम धमकी से हड़कंप मच गया। हाल ही में राज्य के कई जिला न्यायालयों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिलने के बाद अब देहरादून स्थित पासपोर्ट कार्यालय को भी धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं।
जानकारी के अनुसार, पासपोर्ट कार्यालय को भेजे गए ईमेल में परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल मिलते ही कार्यालय प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए और पूरे परिसर की सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर पासपोर्ट कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों को तुरंत बाहर निकालकर पूरे परिसर को खाली करा लिया गया। जांच टीम ने कार्यालय के हर हिस्से की बारीकी से जांच की, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की संभावना को पूरी तरह से खत्म किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, हालांकि एहतियात के तौर पर सुरक्षा जांच जारी रखी गई। साथ ही धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर सेल को भी जांच में लगाया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी उत्तराखंड के कई जिला न्यायालयों को इसी तरह ईमेल के माध्यम से बम धमकी मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही हैं।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां सतर्क बनी हुई हैं।



