देहरादून: दरिंदगी की हदें पार, किशोरी को झांसे में लेकर किया सामूहिक दुष्कर्म; एक गिरफ्तार, दो अन्य हिरासत में
देहरादून (ब्यूरो): उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के पटेलनगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (Gangrape) किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दो अन्य किशोरों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
कपड़े देने गई थी किशोरी, जाल बिछाकर बुलाया गया
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पीड़िता की मां मेहनत-मजदूरी और लोगों के कपड़े धोकर परिवार का गुजर-बसर करती है। घटना 12 मार्च की शाम की है, जब मां ने अपनी बेटी को मोहल्ले के लोगों के धुले हुए कपड़े वापस करने के लिए भेजा था। आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने किशोरी को फोन कर हरिद्वार बाईपास के पास मिलने के लिए बुलाया।
नशीली कोल्ड ड्रिंक और जंगल में वारदात
बताया जा रहा है कि जब किशोरी वहां पहुंची, तो आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ उसे पास के जंगल में ले गया। वहां उसे नशीला पदार्थ मिली हुई कोल्ड ड्रिंक पिलाई गई, जिसे पीते ही किशोरी बेसुध हो गई। इसके बाद तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पूरी रात पीड़िता को बंधक बनाकर रखा गया और अगली सुबह आरोपियों ने उसे एक ई-रिक्शा में बैठाकर घर के लिए रवाना कर दिया।
घर पहुँचते ही गिरी बेसुध, होश आने पर खुला राज
किशोरी जब अपने घर पहुँची, तो ई-रिक्शा से उतरते ही वह चक्कर खाकर गिर पड़ी। उसकी हालत देख मां के पैरों तले जमीन खिसक गई। होश आने पर किशोरी ने रोते हुए अपनी मां को आपबीती सुनाई। इसके तुरंत बाद परिजनों ने पटेलनगर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटेलनगर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर दबिश दी। थाना प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि:
“शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, मामले में संलिप्त दो अन्य विधि विवादित किशोरों को संरक्षण में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की गहनता से जांच जारी है।”



