देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में बुधवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित मंजुल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत टूर्नामेंट का उद्घाटन करने के साथ ही स्वयं मैदान में उतरकर क्रिकेट खेला और चौके-छक्के लगाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और आयोजकों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। खेल गतिविधियां युवाओं के भीतर अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और संघर्षशीलता जैसे गुणों को विकसित करने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक सोच की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेल सुविधाओं का विस्तार करने, आधुनिक खेल मैदान और प्रशिक्षण व्यवस्थाएं विकसित करने के साथ ही खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया मूवमेंट” जैसे अभियानों के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इन पहलों से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिल रही है।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही। टूर्नामेंट के शुभारंभ के साथ ही खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला और मुकाबलों की शुरुआत भी हो गई। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि यह प्रतियोगिता खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ ही युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



