कालसी में दर्दनाक हादसा: 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर टोंस नदी में समाया लोडर, चालक की मौत

देहरादून: जनपद देहरादून के कालसी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिपुर-कोटी-क्वानू-मीनस राजमार्ग पर लालढांग के पास एक लोडर (पिकअप) वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में लुढ़कते हुए टोंस नदी में जा गिरा। इस हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के अंबाड़ी निवासी अजय भाटी (26) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजय भाटी लोडर वाहन में राशन का सामान लेकर विकासनगर से त्यूणी की ओर जा रहा था।

कोतवाली प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि बुधवार सुबह करीब आठ बजे चालक के परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि अजय भाटी सुबह त्यूणी के लिए निकला था, लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी वह अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोजबीन शुरू की।

सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम भी इकाई प्रभारी सुरेश तोमर के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। तलाश के दौरान लालढांग के पास सड़क से नीचे टोंस नदी में एक वाहन गिरा हुआ दिखाई दिया। वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था, जिससे दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। तलाशी के दौरान चालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बाद में शव को बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Previous articleउत्तराखंड कैबिनेट की पहली बैठक में 16 प्रस्तावों पर मुहर, वीर उद्यमी योजना को मंजूरी
Next articleदेहरादून: महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ, सीएम धामी ने बल्ला थामकर लगाए चौके-छक्के