देहरादून। होली 2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए दून पुलिस ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने स्पष्ट किया कि होली की आड़ में अराजकता फैलाने या कानून तोड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें सीधे हवालात भेजा जाएगा।
पिछले विवादों का अध्ययन और अराजक तत्वों की पहचान
पुलिस प्रशासन ने होली से पहले पिछले वर्षों में हुई घटनाओं और विवादों का अध्ययन किया है। इसके आधार पर ऐसे तत्वों की पहचान की गई है जो त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं। इनके खिलाफ पहले ही निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।
सभी थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की गईं, जिसमें नागरिकों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
सुरक्षा प्रबंध: सुपर जोन, जोन और सेक्टर
जनपद को तीन सुपर जोन, आठ जोन, 21 सेक्टर और 53 सब-सेक्टर में बांटा गया है।
-
सुपर जोन की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है।
-
जोन की निगरानी क्षेत्राधिकारी करेंगे।
-
सेक्टर में थाना प्रभारी और सब-सेक्टर में उपनिरीक्षक तैनात रहेंगे।
सभी क्षेत्रों में मोबाइल पुलिस पार्टियां और स्टेटिक फोर्स लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर रख रही हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा
भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पीसीआर वाहन किसी भी आपात सूचना पर तुरंत कार्रवाई के लिए सक्रिय रहेंगे।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। भ्रामक खबरें या विवादित पोस्ट डालकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
होलिका दहन पर भी सतर्कता
होलिका दहन के दौरान भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर बल तैनात कर पर्व को शांतिपूर्ण बनाए रखा।
एसएसपी ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली को भाईचारे, सौहार्द और प्रेम के साथ मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



