देहरादून के दूल्हा बाजार में दिनदहाड़े हुई गुंजन की निर्मम हत्या को लेकर चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। जांच में यह तथ्य उजागर हुआ है कि हत्यारोपी आकाश वारदात से कम से कम दो दिनों पहले से धारदार हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहा था। इससे भी गंभीर बात यह है कि 31 जनवरी को ही आकाश की पत्नी ने गुंजन के परिजनों को फोन कर इस खतरे के बारे में आगाह कर दिया था। बावजूद इसके, समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी।
परिजनों के अनुसार, गुंजन की जान को खतरा बताते हुए खुड़बुड़ा पुलिस चौकी में महज तीन दिन पहले ही शिकायत दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि शिकायत को पर्याप्त गंभीरता से नहीं लिया गया। गुंजन के चचेरे भाई अंश ने बताया कि आरोपी की पत्नी ने स्पष्ट रूप से चेताया था कि आकाश धारदार हथियार लेकर घूम रहा है और किसी भी समय अनहोनी हो सकती है। यदि इस सूचना पर तत्काल सख्त कदम उठाए जाते, तो संभवतः गुंजन की जान बचाई जा सकती थी।
सोमवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के दूल्हा बाजार में आकाश ने गुंजन पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित व्यापारियों ने विरोध स्वरूप बाजार बंद कर दिया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इससे पहले आकाश द्वारा परेशान किए जाने पर गुंजन ने पुलिस चौकी में शिकायत दी थी, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था।
समझौते के बाद भी आरोपी लगातार गुंजन से संपर्क साधने की कोशिश करता रहा और कई बार जान से मारने की धमकियां देता रहा। पुलिस को दी गई तहरीर में गुंजन के भाई ने उल्लेख किया है कि आकाश ने ‘फिल्मी स्टाइल’ में धमकी देते हुए दबाव बनाया था कि यदि गुंजन उससे शादी नहीं करेगी तो वह उसे मार डालेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि टीम को हर पहलू की गहनता से जांच कर जल्द से जल्द निष्कर्ष पर पहुंचने और उसी आधार पर चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में लापरवाही, पूर्व शिकायतों और चेतावनियों की अनदेखी सहित सभी बिंदुओं की गंभीरता से पड़ताल की जाएगी।



