देहरादून में गैस संकट गहराया: दो दिन का बैकलॉग, कमर्शियल सिलिंडरों की सप्लाई पर फिलहाल रोक

देहरादून। राजधानी देहरादून में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर संकट की स्थिति बन गई है। गैस सप्लाई में आई बाधा के कारण शहर में करीब दो दिन का बैकलॉग हो गया है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर की डिलीवरी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। हालात को देखते हुए फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सामान्य आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है।

दरअसल, सरकार की ओर से गैस बुकिंग का समय बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद वितरण व्यवस्था प्रभावित हुई है, जिसका असर अब देहरादून में भी देखने को मिल रहा है। कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि गैस बुकिंग नंबर भी ठीक से काम नहीं कर रहा है, जिसके कारण उन्हें गैस बुक कराने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि कमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति केवल आवश्यक सेवाओं तक ही सीमित रखी जाए। इसके तहत शहर के अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर कमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों।

वहीं दूसरी ओर, होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडर नहीं मिल पाएंगे। इससे होटल व्यवसायियों और छोटे व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि उनके कामकाज पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।

गैस एजेंसियों से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था को जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, बैकलॉग खत्म होने के बाद कमर्शियल सिलिंडरों की सामान्य आपूर्ति भी बहाल कर दी जाएगी।

इधर, शहर के कई इलाकों में लोगों को गैस सिलिंडर की डिलीवरी के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग न करें और अगले दो दिनों में बैकलॉग खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशासन का दावा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही राजधानी में गैस की आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।

Previous articleउत्तराखंड में हर परिवार को मिलेगी ‘देवभूमि परिवार आईडी’, 18 वर्ष से अधिक उम्र की वरिष्ठतम महिला होगी घर की मुखिया