देहरादून: आज सरताज के सुरों से सजेगी दून की शाम, लाइव शो से पहले दरबार साहिब में टेका मत्था
राजधानी देहरादून आज एक खास संगीतमय शाम की साक्षी बनने जा रही है। मशहूर सूफी गायक, गीतकार और कवि डॉ. सतिंदर सरताज अपने बहुचर्चित हेरिटेज इंडिया टूर 2025-26 के तहत आज शहर में लाइव प्रस्तुति देने जा रहे हैं। कार्यक्रम को लेकर संगीत प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
लाइव कॉन्सर्ट से पहले डॉ. सतिंदर सरताज देर रात देहरादून स्थित दरबार साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। उनके दरबार साहिब पहुंचने की खबर मिलते ही प्रशंसकों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
परेड ग्राउंड में होगा भव्य लाइव शो
एक मार्च को परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाला यह लाइव शो संगीत, भावनाओं और सूफियाना अंदाज का अनूठा संगम होगा। कार्यक्रम के दौरान सरताज अपने लोकप्रिय सूफी गीतों और लोकधुनों की प्रस्तुति देंगे, जो श्रोताओं को आध्यात्मिक और सांगीतिक अनुभव प्रदान करेगी।
डॉ. सतिंदर सरताज की गायकी की सबसे बड़ी पहचान उनके भावपूर्ण शब्द, गहरी संवेदनाएं और शास्त्रीय संगीत की झलक है। यही वजह है कि उनकी प्रस्तुतियां श्रोताओं के दिलों को सीधे छूती हैं और हर उम्र के लोगों को आकर्षित करती हैं।
युवाओं में खास उत्साह
कार्यक्रम को लेकर खासतौर पर युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर भी कॉन्सर्ट को लेकर चर्चाएं तेज हैं और बड़ी संख्या में लोग इस संगीतमय शाम का हिस्सा बनने की तैयारी कर रहे हैं।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम
आयोजकों और प्रशासन की ओर से कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष योजना बनाई गई है ताकि दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
देहरादून की यह संगीतमय शाम सूफियाना सुरों और भावनाओं से सराबोर होकर शहरवासियों के लिए एक यादगार अनुभव बनने जा रही है।



