देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर शामली में दो वॉल्वो बसों पर पथराव, शीशे टूटे; यात्रियों में दहशत

देहरादून/शामली:
देहरादून-दिल्ली मार्ग पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शामली क्षेत्र में दो वॉल्वो बसों पर अज्ञात शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। इस घटना में बसों के शीशे टूट गए और पत्थर अंदर तक घुस आए, हालांकि गनीमत रही कि सभी यात्री बाल-बाल बच गए। घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब चार बजे की है। देहरादून से दिल्ली जा रही वॉल्वो बस (नंबर 1010) जब शामली के पास पहुंची, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। शुरुआत में चालक को लगा कि यह कोई आकस्मिक घटना है, लेकिन लगातार पत्थर आने पर उसने तुरंत बस को रोक दिया।

इसी दौरान, दिल्ली से देहरादून आ रही एक अन्य वॉल्वो बस (नंबर 8080) भी उसी स्थान से गुजर रही थी। शरारती तत्वों ने इस बस को भी निशाना बनाया और उस पर भी पथराव किया। पत्थर बस के शीशे तोड़ते हुए अंदर जा घुसे, जिससे कुछ यात्रियों के हाथों में हल्की चोटें आईं। हालांकि पत्थरों की गति कम होने के कारण कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

इस घटना में दोनों बसों के सामने और साइड के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद यात्रियों में भय का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

परिवहन निगम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बागपत जिले के रमाला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। निगम के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यात्रियों में डर पैदा करने के उद्देश्य से किसी निजी बस संचालक की ओर से यह पथराव करवाया गया हो सकता है।

ग्रामीण डिपो के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने बताया कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Previous articleरुड़की में मगरमच्छ का खौफ: नदी में नहाने गए 13 वर्षीय बालक की मौत, शरीर पर मिले कई काटने के निशान