देहरादून। राजधानी देहरादून के Dehradun जनपद अंतर्गत विकासनगर क्षेत्र में घर में घुसकर युवक के अपहरण और फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने युवक को मारपीट कर जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया और बाद में उसकी मां से एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया।
घर में घुसकर की मारपीट, कार में डालकर ले गए
जानकारी के अनुसार, भोजावाला विकासनगर निवासी पुष्पा देवी ने थाना विकासनगर में तहरीर देकर बताया कि शाम के समय कुछ अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने जबरन घर में प्रवेश किया और उनके बेटे शक्ति पुंडीर के साथ मारपीट शुरू कर दी।
परिजनों के विरोध के बावजूद आरोपी शक्ति को जबरन कार में बैठाकर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
अज्ञात नंबर से मांगी एक लाख की फिरौती
घटना के कुछ समय बाद पुष्पा देवी के पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने शक्ति को छोड़ने के बदले एक लाख रुपये की फिरौती की मांग की। इसके बाद परिवार ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की और तकनीकी सर्विलांस व स्थानीय इनपुट के आधार पर छापेमारी शुरू की।
चंद घंटों में खुलासा, पांच आरोपी दबोचे
दून पुलिस की मुस्तैदी रंग लाई और कुछ ही घंटों में अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना में प्रयुक्त वाहन व अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
-
विकास वैरागी (13), पुत्र सतपाल वैरागी, निवासी पंजाबी बाग, हकीकत नगर पुलिस लाइन, सहारनपुर, थाना सदर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)
-
नीरज (34), पुत्र मदन, निवासी माईकोटा, थाना नागर, जिला सहारनपुर
-
प्रवीन (44), पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी वार्ड नंबर 03, पहाड़ी गली, विकासनगर, जिला देहरादून
-
सचिन (31), पुत्र शांति प्रसाद, निवासी लेन नंबर 03, आदर्श कॉलोनी, जीवनगढ़, कोतवाली विकासनगर, जिला देहरादून
-
नवीन (27), पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी ग्राम डांडा, वार्ड नंबर 15, डाकपत्थर, कोतवाली विकासनगर, जिला देहरादून
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, हालांकि पुलिस ने आश्वस्त किया है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।



