देहरादून (उत्तराखंड):
राजधानी Dehradun के मच्छी बाजार क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 23 वर्षीय युवती की चापड़ से बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान गुन्नू (23 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सुबह अपने घर के बाहर से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार एक युवक उसके पास रुका और उससे बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान अचानक युवक ने चापड़ निकालकर युवती के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवती को उपचार के लिए दून चिकित्सालय ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह हमला बाजार के पास स्थित एक गली में किया गया। आरोप है कि युवक आकाश कुमार ने धारदार हथियार से युवती पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। हत्या के पीछे के कारणों, आरोपी और मृतका के आपसी संबंधों सहित अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद मच्छी बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।



