देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून स्थित सेन्ट्रियो मॉल के सिनेमाहॉल में गाय संरक्षण पर आधारित फिल्म गोदान का अवलोकन किया। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने इसे भारतीय संस्कृति, ग्राम्य जीवन और गौ-संवर्धन की परंपरा से जुड़ा एक अत्यंत सार्थक और प्रेरणादायी प्रयास बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है। गाय केवल आस्था का प्रतीक ही नहीं है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक कृषि, पोषण, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण की भी मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि ‘गोदान’ जैसी फिल्में समाज में गौ संरक्षण के महत्व को रेखांकित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं।
सीएम धामी ने बताया कि गाय संरक्षण जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण विषय पर आधारित इस फिल्म को उत्तराखंड सरकार द्वारा राज्य में टैक्स फ्री किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस फिल्म को देख सकें और गौ संरक्षण के प्रति व्यापक स्तर पर जागरूकता फैल सके। उन्होंने कहा कि यह निर्णय समाज को सकारात्मक संदेश देने वाली फिल्मों को प्रोत्साहित करने की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों, निर्माताओं और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की विषयवस्तु पर बनी फिल्में न केवल मनोरंजन का माध्यम होती हैं, बल्कि समाज को दिशा देने और मूल्यों को सशक्त करने का भी कार्य करती हैं।



