उत्तराखंड: दून एयरपोर्ट पर समर शेड्यूल लागू, 34 उड़ानों को मंजूरी; नवी मुंबई समेत 12 शहरों के लिए सीधी फ्लाइट

देहरादून: समर शेड्यूल लागू, 24 अक्तूबर तक संचालित होंगी 34 उड़ानें

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर रविवार 29 मार्च से समर शेड्यूल लागू कर दिया गया है। यह नया शेड्यूल 24 अक्तूबर तक प्रभावी रहेगा। समर शेड्यूल के तहत एयरपोर्ट से कुल 34 उड़ानों को संचालन की मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही कई उड़ानों के समय में बदलाव किया गया है और कुछ नए शहरों को भी देहरादून एयरपोर्ट से जोड़ा गया है।

इस नए शेड्यूल के तहत देहरादून एयरपोर्ट से देश के कुल 12 शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित होंगी। इनमें दिल्ली, अहमदाबाद, कुल्लू, हैदराबाद, जयपुर, मुंबई, बंगलूरू, लखनऊ, पुणे, नवी मुंबई, कोलकाता और पिथौरागढ़ शामिल हैं। हालांकि इस बार समर शेड्यूल में भुवनेश्वर के लिए उड़ान को शामिल नहीं किया गया है।

एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार कुछ उड़ानें 29 मार्च से शुरू हो रही हैं, जबकि कुछ अन्य उड़ानें अलग-अलग तारीखों पर शुरू की जाएंगी।


देहरादून-नवी मुंबई के बीच पहली बार शुरू होगी सीधी उड़ान

देहरादून एयरपोर्ट से आज पहली बार नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान शुरू की जा रही है। यह सेवा विमानन कंपनी इंडिगो द्वारा संचालित की जाएगी। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए इस नए रूट की शुरुआत की जा रही है।

इंडिगो की यह फ्लाइट आज शाम 5:35 बजे नवी मुंबई से यात्रियों को लेकर देहरादून पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान शाम 6:10 बजे देहरादून से वापस नवी मुंबई के लिए उड़ान भरेगा।

यह उड़ान 186 सीटों वाले विमान से संचालित की जाएगी और दोनों शहरों के बीच करीब दो घंटे 25 मिनट में यात्रा पूरी होगी। कंपनी ने शुरुआती दिनों के लिए एक तरफ का किराया प्रति यात्री 10,939 रुपये तय किया है, जबकि 29 अप्रैल के लिए टिकट का किराया करीब 9,327 रुपये बताया गया है।

इस नई सेवा के शुरू होने से देहरादून एयरपोर्ट एक और बड़े शहर से सीधी हवाई कनेक्टिविटी से जुड़ जाएगा।


दून एयरपोर्ट पर आज से शुरू होगी डिजी यात्रा सुविधा

देहरादून एयरपोर्ट पर आज से ‘डिजी यात्रा’ सुविधा भी शुरू की जा रही है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से इस सुविधा का शुभारंभ करेंगे।

ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) से मंजूरी मिलने के बाद देश के बड़े एयरपोर्ट की तर्ज पर देहरादून एयरपोर्ट पर भी यह सुविधा शुरू की जा रही है।

डिजी यात्रा सुविधा लागू होने के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट में प्रवेश के लिए बोर्डिंग पास, पहचान पत्र या टिकट बार-बार दिखाने की आवश्यकता नहीं होगी। एयरपोर्ट पर लगाए गए आधुनिक कैमरे और उपकरण यात्री के चेहरे की पहचान करेंगे और इसके बाद डिजी गेट अपने आप खुल जाएगा। इससे यात्रियों को लंबी कतारों और समय की बचत मिलेगी।


एआई तकनीक से मिलेगी पेपरलेस और संपर्क रहित सुविधा

डिजी यात्रा एक डिजिटल पहल है, जिसके तहत हवाई यात्रियों को पेपरलेस और संपर्क रहित यात्रा सुविधा मिलती है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक के जरिए यात्री का चेहरा ही उसकी पहचान के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इससे यात्रियों को कुछ ही सेकेंड में एयरपोर्ट के अंदर प्रवेश मिल जाएगा और बोर्डिंग प्रक्रिया भी तेज हो जाएगी।

इसके साथ ही यह तकनीक एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत बनाने में मदद करेगी।


ऐसे उठा सकेंगे डिजी यात्रा का लाभ

डिजी यात्रा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को अपने मोबाइल फोन में ‘डिजी यात्रा’ एप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा।

रजिस्ट्रेशन के बाद एप में अपना फ्लाइट नंबर, टिकट और फोटो अपलोड करनी होगी। एयरपोर्ट पर डिजी यात्रा गेट पर लगे कैमरे एप में दर्ज चेहरे को स्कैन कर मौके पर मौजूद यात्री के चेहरे से मिलान करेंगे और इसके बाद गेट स्वतः खुल जाएगा।

यात्रा पूरी होने के 24 घंटे बाद एप में दर्ज डेटा स्वतः डिलीट हो जाएगा।


यात्रियों को वाईफाई और किड्स जोन की भी सुविधा

देहरादून एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए आज से मुफ्त वाईफाई सेवा भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा यात्रियों के इंतजार को आरामदायक बनाने के लिए किताबें पढ़ने की सुविधा और बच्चों के लिए विशेष किड्स जोन भी बनाया गया है, जहां बच्चों के लिए खेल-खिलौनों की व्यवस्था की गई है।

एयरपोर्ट निदेशक भूपेश सीएच नेगी ने बताया कि केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू आज वर्चुअल माध्यम से डिजी यात्रा सुविधा का उद्घाटन करेंगे और इसके साथ ही यात्रियों को कई नई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Previous articleUttarakhand: वन भूमि आवंटन की जांच के लिए राज्य में एसआईटी गठित, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में होगी पड़ताल
Next articleउत्तराखंड में PCS और लोअर PCS भर्ती में देरी पर शासन सख्त, 1 अप्रैल को सचिवालय में सभी विभागों की अहम बैठक