Dehradun: श्री झंडे जी मेले में उमड़ी आस्था की भीड़, नगर परिक्रमा में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा

देहरादून। राजधानी देहरादून में आयोजित ऐतिहासिक श्री झंडे जी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्री झंडे जी के आरोहण के तीसरे दिन मंगलवार को भव्य नगर परिक्रमा निकाली गई, जिसमें देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आस्था का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। नगर परिक्रमा का नेतृत्व श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने किया।

सुबह से ही श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या श्री दरबार साहिब में एकत्रित होने लगी थी। संगत के जुटने के बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नगर परिक्रमा का शुभारंभ किया गया। भक्तों के जयकारों और धार्मिक धुनों के बीच निकली यह परिक्रमा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।

नगर परिक्रमा दरबार साहिब से प्रारंभ होकर सहारनपुर चौक, कांवली रोड, एसजीआरआर बिंदाल, तिलक रोड, चकराता रोड, घंटाघर और पलटन बाजार होते हुए पुनः श्री दरबार साहिब पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया और जगह-जगह संगत के स्वागत की व्यवस्था की गई थी।

इस अवसर पर श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि गुरु की शरण में आकर ही मनुष्य को सच्चे मार्ग का ज्ञान प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि गुरु की वाणी अमृत के समान है, जो मानव जीवन को पवित्र और सफल बनाती है।
उन्होंने आगे कहा कि भक्ति, सेवा और सत्कर्म ही मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। जो व्यक्ति सच्चे मन से गुरु का स्मरण करता है, उस पर सद्गुरु की असीम कृपा बनी रहती है।

नगर परिक्रमा के दौरान एसजीआरआर बॉम्बेबाग में श्रद्धालुओं के लिए गन्ने का प्रसाद भी वितरित किया गया। वहीं, मेले के दौरान श्री दरबार साहिब परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और करीब 200 यूनिट रक्तदान किया गया।

मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि नगर परिक्रमा दूनवासियों के लिए एक ऐतिहासिक और विशेष क्षण होता है, क्योंकि इस दौरान देश-विदेश से आई संगत शहर के लोगों के साथ आस्था का अद्भुत माहौल बनाती है। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

Previous articleरुद्रप्रयाग डबल मर्डर केस: महिला और उसके बेटे की हत्या कर फरार आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार