चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाने वाले साइबर गिरोहों को लेकर उत्तराखंड एसटीएफ ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि केदारनाथ हेली सेवा और यात्रा बुकिंग के नाम पर सबसे अधिक साइबर ठगी बिहार के नवादा, पटना, गया और बिहारशरीफ जिलों से संचालित गिरोहों द्वारा की जा रही है। जांच एजेंसियों को सबसे ज्यादा फर्जी आईपी एड्रेस भी इन्हीं जिलों से सक्रिय मिले हैं।
एसटीएफ के अनुसार, चारधाम यात्रा शुरू होते ही साइबर अपराधियों ने फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया पेज और मोबाइल नंबरों के माध्यम से श्रद्धालुओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया था। सबसे अधिक शिकायतें केदारनाथ हेली सेवा की ऑनलाइन टिकट बुकिंग को लेकर मिली हैं। ठग कम कीमत में टिकट उपलब्ध कराने और तत्काल बुकिंग का झांसा देकर लोगों से हजारों रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा रहे थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि कई साइबर गिरोह फर्जी होटल, गेस्ट हाउस और ट्रैवल पैकेज बुकिंग के नाम पर भी यात्रियों से ठगी कर रहे थे। ये गिरोह सोशल मीडिया विज्ञापनों और व्हाट्सएप लिंक के जरिए लोगों तक पहुंच बनाकर उन्हें फर्जी पोर्टल पर ले जाते थे, जहां भुगतान होते ही संपर्क बंद कर दिया जाता था।
200 से ज्यादा फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट बंद
उत्तराखंड एसटीएफ ने अब तक कार्रवाई करते हुए 200 से अधिक फर्जी वेबसाइट, फेसबुक पेज, इंस्टाग्राम अकाउंट और बुकिंग लिंक बंद कराए हैं। इसके अलावा साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे 50 से अधिक संदिग्ध मोबाइल नंबर भी ब्लॉक किए गए हैं।
एसटीएफ का कहना है कि ये गिरोह संगठित तरीके से काम कर रहे थे और सरकारी पोर्टल जैसी दिखने वाली वेबसाइट बनाकर श्रद्धालुओं को भ्रमित कर रहे थे। कई वेबसाइटों का डिजाइन इतना मिलताजुलता था कि आम लोग आसानी से धोखे का शिकार हो रहे थे।
सोशल मीडिया और पेमेंट गतिविधियों पर नजर
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए साइबर टीमें लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, फर्जी ट्रैवल पोर्टल और संदिग्ध ऑनलाइन पेमेंट गतिविधियों की मॉनिटरिंग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अब तक बड़ी संख्या में फर्जी साइटों को बंद कराया जा चुका है और साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है।
केवल अधिकृत पोर्टल से ही करें बुकिंग
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने यात्रियों से अपील की है कि हेली सेवा, होटल और यात्रा पंजीकरण केवल अधिकृत पोर्टल से ही कराएं। किसी भी अनजान मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया लिंक या व्हाट्सएप मैसेज के जरिए भुगतान न करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केदारनाथ हेली सेवा बुकिंग के लिए उत्तराखंड सरकार ने केवल आईआरसीटीसी को अधिकृत किया है। इसलिए श्रद्धालु सिर्फ अधिकृत वेबसाइट से ही टिकट बुक करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराएं।
ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत कार्रवाई तेज
उत्तराखंड एसटीएफ साइबर अपराधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, बीते चार महीनों में साइबर ठगी के शिकार लोगों के करीब 10 करोड़ रुपये बचाए गए हैं। इसके अलावा 147 अंतरराज्यीय लिंक ऑपरेटरों और 27 फर्जी मोबाइल धारकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की गई है।



