देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा प्रकाशित स्मारिका “प्रयास बेहतर कल के लिए” का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल गतिविधियां न केवल शारीरिक रूप से व्यक्ति को सशक्त बनाती हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक कार्य संस्कृति को भी मजबूत करती हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस प्रकार की पहलें सरकारी कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के बीच खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनती हैं। उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति को मानसिक रूप से भी मजबूत बनाते हैं और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं, जिससे कार्यक्षमता और उत्पादकता में भी वृद्धि होती है।
उन्होंने सचिवालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यस्त दिनचर्या के बीच खेलों के लिए समय निकालना बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों बेहतर होते हैं और इसका सकारात्मक प्रभाव कार्यकुशलता पर भी पड़ता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्मारिका में प्रकाशित लेखों, सचिवालय बैडमिंटन क्लब की उपलब्धियों और विभिन्न खेल गतिविधियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रकाशन आने वाले समय में अधिक से अधिक लोगों को खेलों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सचिवालय बैडमिंटन क्लब भविष्य में भी इसी तरह खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और कर्मचारियों में खेल भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।



