चारधाम यात्रा 2026: जौलीग्रांट से बदरी-केदार के लिए हेली सेवा गुरुवार से शुरू, एमआई-17 हेलीकॉप्टर तैयार

देहरादून। चारधाम यात्रा को सुगम और तेज बनाने के लिए जौलीग्रांट हेलीपैड से बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा गुरुवार सुबह से शुरू होने जा रही है। इस सेवा के संचालन के लिए रुद्राक्ष एविएशन का एमआई-17 हेलीकॉप्टर जौलीग्रांट पहुंच चुका है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6:00 बजे से हेलीकॉप्टर अपनी पहली उड़ान भरेगा। इस सेवा के माध्यम से श्रद्धालु कम समय में दोनों धामों के दर्शन कर सकेंगे। एक बार में हेलीकॉप्टर में 20 यात्रियों को ले जाने की क्षमता है।

कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि यह हेलीकॉप्टर दिन में दो फेरे लगाएगा। इस तरह एक दिन में कुल 40 श्रद्धालुओं को बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के लिए भेजा जाएगा, जबकि उतने ही यात्रियों की वापसी जौलीग्रांट हेलीपैड पर होगी।

सेवा शुरू होने से पहले मंगलवार को दिल्ली से आई डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) की टीम ने हेलीकॉप्टर और हेलीपैड का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा और अन्य सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया, जिसमें सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

कंपनी अधिकारियों के मुताबिक, विधिवत पूजा-अर्चना के बाद गुरुवार सुबह सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि रुद्राक्ष एविएशन पिछले चार वर्षों से लगातार जौलीग्रांट से दो धामों के लिए हेली सेवा का संचालन कर रही है।

किराया विवरण:
जौलीग्रांट से बदरीनाथ-केदारनाथ हेली सेवा के लिए प्रति व्यक्ति किराया 1.35 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, रात्रि विश्राम सहित यह किराया लगभग 1.50 लाख रुपये तक होगा।

चारधाम यात्रा के दौरान इस हेली सेवा से बुजुर्गों और समय की कमी वाले श्रद्धालुओं को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है।

Previous articleउत्तराखंड में महिला आरक्षण पर सियासत तेज: विपक्ष को घेरने की भाजपा की बड़ी रणनीति, राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा अगले माह