चंपावत/टनकपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को चंपावत जनपद के टनकपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शारदा घाट पर बहुप्रतीक्षित शारदा कॉरिडोर के शिलान्यास समारोह में सहभागिता की और परंपरागत माघ खिचड़ी कार्यक्रम में भी शिरकत की। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने टनकपुर प्रवास के दौरान बूम क्षेत्र में कुल 954.46 लाख रुपये तथा 30,975.89 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। शारदा कॉरिडोर के प्रथम चरण में शारदा घाट पर लगभग 107 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं। इन कार्यों में 500 मीटर लंबा घाट, बाढ़ से सुरक्षा के लिए रिटेनिंग वॉल, प्रवेश गेट, पैदल पथ, चेंजिंग रूम, यात्री विश्राम शेड, आधुनिक लाइटिंग, कर्म हरि पाठशाला, तथा आध्यात्मिक जोन जैसे महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक विकास शामिल हैं।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा घाट के 200 वर्ग किमी के दायरे को धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से समग्र रूप से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चंपावत की जनता से किए गए वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने राज्य में शिक्षा और सामाजिक सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि मदरसा बोर्ड समाप्त किया जाएगा और अल्पसंख्यक स्कूलों में गुरुवाणी के प्रसारण की व्यवस्था होगी।
राजनीतिक संदर्भ में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में होने वाली हर घटना पर व्यापक चर्चा होती है। उन्होंने कोटद्वार की घटना का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा और अपने वक्तव्य के माध्यम से 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका। भाषण के दौरान उन्होंने कई बार कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने शारदा घाट के विकास को क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और पर्यटन के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह परियोजना टनकपुर और चंपावत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगी।



