चमोली के सैकोट में महिलाओं का ऐतिहासिक निर्णय, सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर 50 हजार का जुर्माना

चमोली।

उत्तराखंड के चमोली जिले के दशोली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सैकोट में महिलाओं ने सामाजिक सुधार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। गांव की महिला मंगल दल ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब पीने और पिलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही नियम का उल्लंघन करने वालों पर 50 हजार रुपये का सख्त जुर्माना लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया है।

ग्राम पंचायत सैकोट के पंचायत घर के आंगन में महिला मंगल दल की अध्यक्ष सतेश्वरी देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और क्षेत्र में बढ़ते शराब प्रचलन पर गहरी चिंता व्यक्त की। महिलाओं का कहना था कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब के सेवन से सामाजिक माहौल खराब होता है और नई पीढ़ी पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

बैठक के दौरान प्रस्ताव पारित किया गया कि ग्राम पंचायत के अंतर्गत किसी भी सार्वजनिक आयोजन—चाहे वह शादी-विवाह हो, धार्मिक कार्यक्रम हो या अन्य सामाजिक आयोजन—में शराब परोसने या सेवन करने पर संबंधित परिवार से 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। यदि कोई व्यक्ति गांव में शराब पीकर माहौल बिगाड़ता हुआ पाया गया तो उस पर भी यही आर्थिक दंड लागू होगा।

महिलाओं ने यह भी निर्णय लिया कि गांव में समय-समय पर शराब के खिलाफ जागरूकता अभियान और रैलियां आयोजित की जाएंगी, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए और युवा पीढ़ी नशे से दूर रहे।

बैठक के बाद महिला मंगल दल की ओर से टेंटुणा, सैकोट होते हुए आमखेत मालधार तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया और सभी से इस निर्णय का पालन करने की अपील की गई।

सामाजिक कार्यकर्ता चंडी थपलियाल ने महिलाओं के इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि यह निर्णय ग्राम पंचायत के हित में है और इससे गांव का सामाजिक वातावरण बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि यदि पूरे क्षेत्र में इसी प्रकार की पहल की जाए तो समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है।

ग्राम पंचायत सैकोट की महिलाओं का यह कदम न केवल क्षेत्र में बल्कि पूरे जिले में एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।

Previous articleउत्तराखंड में ‘डांस पार्टी’ विवाद पर सियासत तेज, गणेश गोदियाल का पलटवार—महेंद्र भट्ट दें बेहतर जवाब
Next articleउत्तराखंड: पिटकुल एमडी पीसी ध्यानी को हटाने के हाईकोर्ट आदेश पर सरकार करेगी पुनर्विचार याचिका दायर