चमोली: कठूड़ गांव में नवविवाहित दंपती व परिजनों से मारपीट, सैर-सपाटे पर गए परिवार पर लाठी-डंडों से हमला

चमोली। जनपद चमोली के गोपेश्वर क्षेत्र में सैर-सपाटे के लिए पहुंचे एक नवविवाहित दंपती और उनके परिजनों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कठूड़ गांव के पास कुछ लोगों ने बिना किसी कारण बताए परिवार पर हमला कर दिया। हमले में दंपती के साथ आए लोगों को चोटें आई हैं, जबकि वाहन को भी क्षति पहुंचाई गई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गोपेश्वर निवासी अनुष्का रावत ने थाने में दी गई लिखित शिकायत में बताया कि वह रविवार देर शाम अपने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गोपेश्वर–पोखरी सड़क पर घूमने के लिए गई थीं। परिवार कठूड़ गांव के पास पहुंचा और वहां से गोपेश्वर नगर क्षेत्र के दृश्य की तस्वीरें ले रहा था। इसी दौरान परिवार के सदस्य आपस में बातचीत कर रहे थे।

पीड़िता का आरोप है कि उसी समय कुछ लोग वहां पहुंचे और बिना किसी वजह बताए उनके साथ अभद्रता करने लगे। देखते ही देखते उन्होंने परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में उनके पति और परिवार के एक अन्य सदस्य के सिर पर गंभीर चोटें आईं। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।

पीड़िता ने यह भी बताया कि उनके साथ छोटे बच्चे भी मौजूद थे, जिनके साथ भी आरोपियों ने बदसलूकी की। इतना ही नहीं, हमलावरों ने उनके वाहन पर भी पत्थर बरसाकर उसे नुकसान पहुंचाया।

अनुष्का रावत ने बताया कि उनकी हाल ही में शादी हुई है और वह अपने पति व परिजनों के साथ शाम के समय घूमने के लिए वहां पहुंची थीं, लेकिन इस घटना से पूरा परिवार सहम गया।

उधर मामले की जांच कर रही अधिकारी शिखा तेग्रवाल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने सोमवार को कठूड़ गांव पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की है और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Previous articleगैरसैंण में बजट सत्र का ऐतिहासिक दिन: राज्यपाल अभिभाषण के बाद पहली बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेश किया 1.11 लाख करोड़ से अधिक का बजट