चमोली। जिले में रविवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद अंदर रखे गैस सिलेंडर के फटने से स्थिति और भी विकराल हो गई, जिससे रेस्टोरेंट में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना चमोली–कुंड हाईवे पर मंडल क्षेत्र में जड़ी-बूटी शोध संस्थान के पास स्थित एक रेस्टोरेंट की है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली रेस्टोरेंट पर गिर गई, जिससे वहां आग भड़क उठी। उस समय रेस्टोरेंट पर ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर रखे गैस सिलेंडर के फटने से आग तेजी से फैल गई।
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग की टीम दो वाहनों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
पुलिस चौकी प्रभारी विपिन त्यागी ने बताया कि यह रेस्टोरेंट स्थानीय निवासी मनीष नौटियाल का है, जिसे ऋषिकेश निवासी राजीव गुप्ता को किराए पर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इन दिनों रेस्टोरेंट बंद होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात है।
प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि आकाशीय बिजली गिरने के बाद रेस्टोरेंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके चलते आग लग गई। हालांकि आग से रेस्टोरेंट में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया है।
फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



