आगामी चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने प्रदेश कार्यालय को माना शुभ, विस्तार कार्य के लिए कराया हवन
देहरादून। आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रदेश कार्यालय के विस्तार की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। पार्टी ने प्रदेश कार्यालय परिसर को शुभ मानते हुए उसके विस्तार कार्य की शुरुआत सनातन परंपरा के अनुसार हवन-पूजन के साथ की। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा संगठन के लिए कार्यालय मंदिर के समान होता है और आने वाले चुनावों से जुड़ी सभी गतिविधियां पूर्व की भांति यहीं से संचालित की जाएंगी।
भाजपा प्रदेश कार्यालय परिसर में आयोजित हवन-पूजन कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों, बैठकों और चुनावी रणनीतियों का केंद्र हमेशा से प्रदेश कार्यालय ही रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिसर भाजपा के लिए शुभ और व्यवस्थित रहा है और यहीं से पार्टी ने कई महत्वपूर्ण चुनावी सफलताएं हासिल की हैं।
2027 में धामी के नेतृत्व में हैट्रिक का लक्ष्य
महेंद्र भट्ट ने विश्वास जताते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन पूरी ताकत के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटा हुआ है और प्रदेश कार्यालय इस पूरी प्रक्रिया का प्रमुख केंद्र रहेगा।
चुनावी गतिविधियों के लिए विस्तृत परिसर की जरूरत
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि चुनाव के समय पार्टी की कई महत्वपूर्ण गतिविधियां एक साथ संचालित होती हैं। इनमें बूथ प्रबंधन, विधिक कार्य, नेताओं के प्रवास की व्यवस्था, चुनावी साहित्य की तैयारी, घोषणा पत्र निर्माण, प्रचार सामग्री, वाहन प्रबंधन और दैनिक मुद्दों की रणनीति जैसी कई जिम्मेदारियां शामिल होती हैं। इन सभी कार्यों के सुचारू संचालन के लिए विस्तृत परिसर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए वर्तमान परिसर से जुड़े नए हिस्से को व्यवस्थित किया जा रहा है। कार्यालय विस्तार के इसी कार्य की शुरुआत सनातन परंपरा के अनुसार हवन-पूजन के साथ की गई।
भाजपा नेताओं का कहना है कि संगठन के लिए कार्यालय का विशेष महत्व होता है और यह केवल एक प्रशासनिक केंद्र नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और समर्पण का प्रतीक भी है। ऐसे में कार्यालय को व्यवस्थित और विस्तारित करने का निर्णय आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



