Bageshwar News: कपकोट बाजार की निर्माणाधीन इमारत में मिला नेपाली मूल के मजदूर का कंकाल, बीमारी से मौत की आशंका

बागेश्वर। जिले के कपकोट मुख्य बाजार में उस समय सनसनी फैल गई जब एक निर्माणाधीन इमारत के भीतर मानव कंकाल मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कंकाल की पहचान नेपाली मूल के एक मजदूर के रूप में हुई है, जिसकी लंबे समय से बीमारी के चलते मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार रविवार सुबह एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट) के माध्यम से सूचना मिली कि कपकोट मुख्य बाजार में लंबे समय से बंद पड़ी एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के अंदर मानव कंकाल पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना कपकोट के एसओ प्रताप सिंह नगरकोटी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच शुरू की। इस दौरान स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की गई। सीओ मनीष शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कंकाल की पहचान नेपाली मूल के मजदूर विनोद (लगभग 50-55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लंबे समय से कपकोट क्षेत्र में मजदूरी का कार्य कर रहा था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि विनोद पहले क्षेत्र के एक मंदिर में रहकर अपना जीवन यापन करता था। बाद में तबीयत खराब रहने के कारण उसने नदी किनारे स्थित इस निर्माणाधीन भवन में शरण ले ली थी। बताया जा रहा है कि वह काफी समय से बीमार था, जिससे उसकी मौत होने की संभावना जताई जा रही है।

घटनास्थल से बरामद शव पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत काफी समय पहले हुई होगी। पुलिस ने मौके पर पंचनामा भरकर कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

सीओ मनीष शर्मा ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और मृतक के परिजनों की तलाश की जा रही है, ताकि उन्हें घटना की जानकारी दी जा सके। वहीं इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।

Previous articleउत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज: पहाड़ से मैदान तक छाए बादल, कई जिलों में तूफान और बारिश का अलर्ट
Next articleगैरसैंण बजट सत्र के बाद कांग्रेस का सरकार पर हमला, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य बोले—लोकतांत्रिक परंपराओं का हुआ उल्लंघन