बदरीनाथ धाम में आज से सजेगा धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार, पांच दिवसीय हनुमान कथा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह

उत्तराखंड के पवित्र बदरीनाथ धाम में आज से बागेश्वर धाम के प्रसिद्ध कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री का पांच दिवसीय दिव्य दरबार शुरू होने जा रहा है। 27 मई से 31 मई तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। देशभर से भक्त और संत बदरीनाथ धाम पहुंचने लगे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया है।

आयोजन समिति के अनुसार हनुमान कथा का आयोजन बदरीनाथ धाम के अराइवल प्लाजा परिसर में किया जाएगा। प्रतिदिन अपराह्न दो बजे से धीरेंद्र शास्त्री श्रद्धालुओं को हनुमान कथा का श्रवण कराएंगे। कथा के साथ-साथ भजन संध्या और सनातन जागरण जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

कथा आयोजन समिति से जुड़े जयदीप मेहता ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन का शुभारंभ दिव्य जल कलश यात्रा के साथ होगा। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम में धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार भी लगाया जाएगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्सुकता बनी हुई है।

धार्मिक आयोजन को देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। होटल, धर्मशालाओं और अन्य ठहराव स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है। स्थानीय व्यापारियों को भी इस आयोजन से पर्यटन और कारोबार में बढ़ोतरी की उम्मीद है।

श्रद्धालुओं का मानना है कि बदरीनाथ धाम जैसे पवित्र तीर्थस्थल में आयोजित होने वाली हनुमान कथा और दिव्य दरबार से धार्मिक आस्था को नई ऊर्जा मिलेगी और पूरे धाम का वातावरण भक्ति रस में सराबोर रहेगा।

Previous articleदेहरादून कैंट सीट पर भाजपा में बढ़ी सरगर्मी, राजनीतिक विरासत पर भरोसा या नए चेहरे पर दांव?
Next articleउत्तरकाशी में गर्मी के बीच भी जमी है केदारताल झील, 15,580 फीट की ऊंचाई पर दिखा अद्भुत नजारा