बदरीनाथ/चमोली। चारधाम यात्रा 2026 के तहत भगवान विष्णु के पवित्र धाम बदरीनाथ मंदिर के कपाट गुरुवार को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने के साथ ही भक्तों को अखंड ज्योति के दिव्य दर्शन का अवसर मिलेगा। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने इस अवसर को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
गुरुवार सुबह ठीक 6:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ कपाट खोले जाएंगे। इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले ही धाम पहुंच चुके हैं।
🌸 25 कुंतल फूलों से सजा धाम, पहली बार फलों से सजा सिंह द्वार
बदरीनाथ धाम को इस बार विशेष रूप से सजाया गया है। मंदिर परिसर, आसपास के प्राचीन मठ-मंदिर और मार्गों को करीब 25 कुंतल ऑर्किड और गेंदे के फूलों से भव्य रूप दिया गया है। रंग-बिरंगे फूलों से सजे धाम की आभा देखते ही बन रही है।
इस बार मुख्य सिंह द्वार को पहली बार फलों से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
🚩 देव डोलियों का आगमन, परंपराओं का निर्वहन
बुधवार को उद्दव, तेल कलश और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी बदरीनाथ धाम पहुंच गई। वहीं, भगवान कुबेर की डोली रात्रि प्रवास के लिए बामणी गांव में ठहरी।
योग मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद देव डोलियां धाम के लिए रवाना हुईं। डोलियों के साथ बदरीनाथ के रावल (मुख्य पुजारी) अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी आचार्य रविंद्र भट्ट और नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बामणी गांव में श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं से डोलियों का भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भगवान बदरीनाथ की स्तुति कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
👮 सुरक्षा और व्यवस्थाएं चाक-चौबंद
चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए चमोली जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सभी कर्मी “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ कार्य करें और यात्रियों को सुरक्षित व सुगम यात्रा का अनुभव दें। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
🏛️ मुख्यमंत्री रहेंगे मौजूद
कपाट खुलने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री पहले ही बदरीनाथ पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले चुके हैं।
चारधाम यात्रा की शुरुआत के साथ ही बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ने की उम्मीद है। प्रशासन का दावा है कि इस बार यात्रा को पहले से अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।



