औली में आज से शीतकालीन खेलों का रोमांच शुरू होने जा रहा है। राष्ट्रीय शीतकालीन चैंपियनशिप के तहत देशभर से आई 17 टीमें बर्फीली वादियों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता को लेकर औली पूरी तरह खेलमय माहौल में रंग चुकी है। खिलाड़ी पहुंच चुके हैं और आयोजकों ने स्कीइंग स्लोप सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।
17 टीमें पहुंचीं औली, अभ्यास सत्र से हुआ आगाज
राष्ट्रीय शीतकालीन चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए विभिन्न राज्यों के अलावा सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ की टीमें औली पहुंच गई हैं। गुरुवार को पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद खिलाड़ियों ने अभ्यास सत्र में भाग लिया। अभ्यास के लिए अलग से स्लोप तैयार किया गया है, जहां पर्याप्त बर्फ मौजूद है। खिलाड़ियों ने स्लोप की गुणवत्ता और प्राकृतिक वातावरण की जमकर सराहना की।
स्लोप तैयार, तकनीकी मानकों पर विशेष ध्यान
जिन दो प्रमुख स्लोपों पर स्कीइंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी हैं, उनका आयोजकों द्वारा गहन निरीक्षण किया गया। जहां बर्फ पिघलने से कमी पाई गई, वहां अन्य स्थानों से बर्फ लाकर भरी जा रही है। मुख्य स्लोप में बर्फ कम होने के कारण इस बार प्रतियोगिता आठ नंबर टावर से कराई जाएगी।
गढ़वाल मंडल विकास निगम के स्कीइंग प्रशिक्षक प्रदीप मंद्रवाल ने बताया कि स्लोप को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पूरी तरह तैयार कर लिया गया है और अब खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खिलाड़ी बोले— देंगे अपना सर्वश्रेष्ठ
औली पहुंचे खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
-
हिमाचल प्रदेश से आई निताशा मेहर ने बताया कि वे स्की माउंटेनियरिंग में भाग लेंगी और पदक जीतने के लिए पूरा जोर लगाएंगी।
-
उड़ीसा टीम की रंजीता बोहरा ने कहा कि मैदानी राज्य होने के कारण उन्हें अभ्यास के लिए बाहर जाना पड़ता है, लेकिन औली का अनुभव हमेशा खास रहता है।
-
पंजाब के अजय ठाकुर और जम्मू-कश्मीर के वशीम भट ने भी प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का भरोसा जताया।
आयोजकों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अजय भट्ट, सचिव राकेश रंजन भिलिंगवाल, आईटीबीपी औली से डिप्टी कमांडेंट नानक चंद, जीएमवीएन के अधिकारियों सहित अन्य पदाधिकारियों ने स्लोप, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी मानकों और खिलाड़ियों की सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
ये टीमें कर रहीं प्रतिभाग
हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, उड़ीसा, गुजरात के अलावा सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ सहित कुल 17 टीमें प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता का कार्यक्रम
-
13 फरवरी: उद्घाटन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकल स्कीइंग डेमो, आईटीबीपी स्की एंड रेस्क्यू डेमो
-
14 फरवरी: अल्पाइन स्कीइंग जाइंट स्लालोम (महिला-पुरुष), स्नोबोर्ड जाइंट स्लालोम
-
15 फरवरी: अल्पाइन स्कीइंग स्लालोम (महिला-पुरुष), स्नोबोर्ड स्लालोम, स्की माउंटेनियरिंग स्प्रिंट
-
16 फरवरी: पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह
विंटर कार्निवल भी बनेगा आकर्षण
राष्ट्रीय शीतकालीन प्रतियोगिताओं के साथ-साथ औली में विंटर कार्निवल का भी आयोजन किया जाएगा। जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ के अनुसार, कार्निवल में पांडवास ग्रुप और लोक गायक किशन महिपाल की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा स्नो शू रेस, स्नो मैराथन, बच्चों के स्नो गेम्स, ‘योगा इन स्नो’ और नाइट स्कीइंग जैसे आकर्षक आयोजन भी दर्शकों को रोमांचित करेंगे।



