Almora Road Accident: जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, ट्रक से टकराई स्कूटी; युवक की मौत

अल्मोड़ा जिले के लोअर माल रोड क्षेत्र में जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतक परिवार का इकलौता बेटा बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात अल्मोड़ा नगर के लोअर माल रोड स्थित न्यू इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में यह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बख गांव निवासी संदीप आर्या अपने मित्र विजय कुमार के साथ स्कूटी से बेस क्षेत्र से जलाल बैंड की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों विजय कुमार का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। हादसे से कुछ देर पहले दोनों ने एक होटल में जन्मदिन सेलिब्रेट किया था।

इसी दौरान कॉलेज गेट के समीप तीखे मोड़ पर स्कूटी संख्या UK01D-4413 अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक संख्या UK04CA-1999 के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी चालक संदीप आर्या गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी, चेहरा बुरी तरह घायल हो गया और पैर में फ्रैक्चर भी बताया गया है।

वहीं, स्कूटी पर पीछे बैठे विजय कुमार को पैर और छाती में हल्की चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंचे। स्थानीय युवाओं की मदद से दोनों घायलों को तत्काल बेस अस्पताल पहुंचाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद विजय कुमार को छुट्टी दे दी, जबकि संदीप की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कूटी काफी तेज रफ्तार में थी और दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। बताया जा रहा है कि मोड़ पर अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण चालक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।

मृतक संदीप आर्या परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन की पहले ही शादी हो चुकी है। बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में भी इस हादसे के बाद शोक की लहर है।

सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत ने बताया कि विजय कुमार का जन्मदिन था और दोनों युवक पार्टी मनाकर लौट रहे थे। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे हायर सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

Previous articleउत्तरकाशी में गर्मी के बीच भी जमी है केदारताल झील, 15,580 फीट की ऊंचाई पर दिखा अद्भुत नजारा
Next articleAlmora News: सीएम धामी ने अल्मोड़ा को दी 138 करोड़ की विकास सौगात, 26 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास