देहरादून। राजधानी देहरादून में आयोजित फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड 2026 के ग्रैंड फिनाले में चमोली जिले की आंचल फरस्वाण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। कड़े मुकाबले के बीच उन्होंने 21 प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए यह प्रतिष्ठित ताज हासिल किया। अब आंचल आगामी फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
ग्रैंड फिनाले कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल के सामने प्रतिभागियों को विभिन्न राउंड से गुजरना पड़ा। इन सभी चरणों में आंचल फरस्वाण ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जजों और दर्शकों का दिल जीत लिया और अंततः उनके सिर पर फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड 2026 का ताज सजा।
आंचल फरस्वाण मूल रूप से चमोली जनपद के बंड क्षेत्र के पीपलकोटी स्थित किरुली गांव की निवासी हैं। हालांकि वर्तमान में उनका परिवार देहरादून में रह रहा है। आंचल फिलहाल देहरादून में फिजियोथेरेपी की पढ़ाई कर रही हैं और पढ़ाई के साथ-साथ मॉडलिंग व व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में भी लगातार आगे बढ़ रही हैं।
आंचल के पिता रविंद्र फरस्वाण भारतीय सेना से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली आंचल ने अपनी मेहनत, आत्मविश्वास और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
आंचल की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव किरुली समेत पूरे बंड क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने आंचल को बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड और चमोली जिले का नाम रोशन करेंगी।



