भैंस चराने गए बच्चे को मगरमच्छ ने बनाया शिकार, बच्चे को मगरमच्छ के पेट से बाहर निकालने की मांग

देहरादून: देवहा नदी किनारे भैंस चराने गए बच्चे को मगरमच्छ ने बेरहमी से अपना शिकार बना लिया। मगरमच्छ बच्चे को पानी में खींच ले गया और उसे निगल लिया। गोताखोरों ने मगरमच्छ को जाल में फंसाकर बाहर निकाला। जिसके बाद देर शाम तक ग्रामीण बच्चे को मगरमच्छ के पेट से बाहर निकालने की मांग पर अड़े थे।

रविवार शाम करीब साढ़े तीन बजे यूपी सीमा से सटे ग्राम मेहरबाननगर निवासी मीना देवी पत्नी स्व. शोभा प्रसाद का 11 वर्षीय पुत्र वीर सिंह भैंस चराने देवहा नदी किनारे गया हुआ था। अचानक भैंस देवहा नदी में घुस गई। वीर सिंह उसे बाहर निकालने के लिए नदी में कूद गया। इसी बीच नदी में एक मगरमच्छ ने बालक वीर सिंह पर हमला कर उसे पानी में गहराई तक खींच लिया। बताया जा रहा है कि मगरमच्छ वीर सिंह को जिंदा निगल गया।

वीर सिंह की चीखपुकार सुनकर आसपास काम कर रहे लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते मगरमच्छ पानी में गहराई की ओर चला गया। घटना की सूचना पर बच्चे की माता के साथ कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण गोताखोर बहादुरी दिखाते हुए रस्सी का जाल लेकर नदी में कूद गए।

घंटों की मशक्कत के बाद गोताखोर मगरमच्छ को जाल में फंसाकर पानी से बाहर खींच लाए। ग्रामीणों की सहायता से मगरमच्छ को जाल में बांधकर खटीमा ले जाया गया। साथ ही मगरमच्छ के पेट से बच्चे को बाहर निकलने की मांग की जाने लगी I

जिसके बाद वन विभाग के आला अधिकारी, पुलिस और एसडीएम ने मगरमच्छ की मेडिकल जांच कराने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत कराया। बालक के पिता की मृत्यु काफी समय पहले हो चुकी है। मीना मजदूरी करके परिवार चलाती हैं। वीर सिंह का एक बड़ा भाई व दो बहनें भी है I हादसे के बाद से पूरा गैओं शोक में है I वीर सिंह की माँ का रो-रो कर बुरा हाल है I

Previous articleमानसून ने दी दस्तक, प्रदेश में अलर्ट जारी
Next articleचारधाम यात्रा: साढ़े पच्चीस लाख के निकट पहुंची यात्रियों की संख्या