स्वरोजगार के विकास में जलागम दे रहा सहयोगः जलागम मंत्री

देहरादून। समाज के कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए जलागम विभाग एक विशेष सहयोगी के रूप में सामने आया है। जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के मुताबिक उत्तराखण्ड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना के तहत निर्बल वर्ग परिवारों को स्वरोजगार विकसित करने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। यह सहायता ग्राम पंचायत स्तर पर व्यक्तिगत तथा सामूहिक रूप से उपलब्ध कराई जा रही है।  राम सिंह कैड़ा ने कहा कि इसमें परियोजना क्षेत्र के 7 हजार परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि मूल रूप से उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना वर्षा आधारित कृषि क्षेत्रों में कृषि-औद्यानिकी को बढ़ावा देने तथा ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन को कम करने आदि विषयों पर काम कर रही है। इसके साथ-साथ समाज के कमजोर वर्ग को स्वरोजगार के क्षेत्र में सहयोग करने का विषय भी इसमें जोड़ा गया है।  परियोजना के तहत व्यक्तिगत लाभार्थियों को 35 हजार तथा समूह को अधिकतम 1 लाख 20 हजार रुपए की मदद की जा रही है। इसमें व्यक्तिगत लाभार्थी मधुमक्खी पालन, प्लम्बर, इलेक्ट्रिशयन, मुर्गी व बकरी पालन, घराट संचालन आदि का कार्य कर सकता है। समूहों को बैंड पार्टी, टेंट हाउस, फल संरक्षण, अचार निर्माण, मछली पालन आदि के लिए सहयोग मिल रहा है। कई ग्रामीणों को इसका लाभ मिल भी चुका है। लाभार्थियों का चयन ग्राम सभा की खुली बैठक में आर्थिक वर्गीकरण के आधार पर किया जाता है। यह परियोजना नैनीताल, अल्मोड़ा, उधमसिंहनगर, पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी व रुद्रप्रयाग जिले के 15 ब्लाकों की 519 ग्राम पंचायतों में संचालित की जा रही है। जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि परियोजना के लाभ समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्वरोजगार मजबूत होने से परिवार के उत्थान की एक महत्वपूर्ण नींव तैयार होती है। जल्द से जल्द सभी चयनित लाभार्थियों को सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Post navigation

Previous articleमानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा पर मुख्यमंत्री का जताया आभार