उत्तराखंड में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन और सरकार के बीच समन्वय को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नेताओं को सोशल मीडिया पर विशेष एहतियात बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी से जुड़े मुद्दों और मतभेदों को सार्वजनिक मंचों की बजाय पार्टी फोरम में रखा जाए।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने विधायकों को निर्देश दिए कि वे अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को पुस्तिका के रूप में प्रकाशित कर जनता तक पहुंचाएं, ताकि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी सीधे लोगों तक पहुंचे।
बैठक में कम अंतर से जीती गई विधानसभा सीटों पर विशेष ध्यान केंद्रित करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। वहीं, पिछली बार हारी हुई सीटों की जिम्मेदारी सांसदों को सौंपने की बात कही गई। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट संकेत दिए कि हर स्तर पर संगठन को सक्रिय करते हुए चुनावी तैयारी को और मजबूत बनाया जाएगा।
मंत्रियों से पूछा- 2027 का चुनाव कैसे जीतेंगे?
इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंत्री समूह के साथ अलग बैठक की, जिसमें सभी कैबिनेट मंत्रियों से उनके विभागों की योजनाओं और कार्यों का फीडबैक लिया गया। बैठक के दौरान उन्होंने मंत्रियों से सीधा सवाल किया कि “2027 का विधानसभा चुनाव जीतने के लिए आपकी क्या रणनीति है?”
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी मंत्रियों से परिचय प्राप्त करने के बाद उनके विभागों की प्रमुख योजनाओं, उपलब्धियों और चुनावी दृष्टि से तैयारियों की जानकारी ली। मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं और सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचे। साथ ही लाभार्थियों को संगठन से जोड़ने पर भी फोकस करने के निर्देश दिए गए।
“छोटा राज्य, लेकिन विकास में बड़ी चुनौती”
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि छोटा राज्य होने के बावजूद उत्तराखंड विकास के मोर्चे पर बड़े राज्यों को चुनौती दे रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार पर जनता का अटूट विश्वास है और सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों को हर व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि धर्म और संस्कृति संरक्षण के साथ-साथ डेमोग्राफी संतुलन को लेकर राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा पूरे देश में हो रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तरह प्रदेश सरकार भी सही दिशा और गति से काम कर रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यदि सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जमीनी स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया गया, तो भाजपा को तीसरी बार नए रिकॉर्ड के साथ सत्ता में आने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड कई मायनों में देश के अन्य राज्यों के लिए उदाहरण बन रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को और तेज करने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा की अगली बड़ी परीक्षा 2027 का विधानसभा चुनाव है। पार्टी को अपने पिछले चुनावी रिकॉर्ड को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर लगातार मेहनत करनी होगी।



