देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे से पहले प्रदेश भाजपा संगठन और सरकार पूरी तरह सक्रिय हो गई है। दौरे की तैयारियों और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक की। इस बैठक में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट शामिल रहे।
सूत्रों के अनुसार बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तराखंड दौरे के कार्यक्रम, संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और विभिन्न आयोजनों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। भाजपा नेतृत्व इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है। यही वजह है कि सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर किसी भी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए लगातार मंथन किया जा रहा है।
भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। हाल के महीनों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरों के दौरान भी पार्टी नेताओं ने संगठनात्मक एकजुटता और चुनावी मजबूती पर विशेष जोर दिया था। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को भी उसी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत, कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्थाओं, संगठनात्मक समन्वय और विभिन्न जिम्मेदारियों के वितरण को लेकर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन पूरी मजबूती के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को सफल बनाने में जुटा हुआ है।
इस बीच गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय के आवास पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की मुलाकात को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई थीं। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इसे सामान्य राजनीतिक प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा में नेताओं का एक-दूसरे से मिलना पार्टी की परंपरा का हिस्सा है। आपसी संवाद और मुलाकातों से यदि कोई भ्रांति होती है तो वह भी दूर हो जाती है।
भाजपा के भीतर लगातार हो रही बैठकों और नेताओं की सक्रियता को आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का काम करेगा।



