देहरादून: सीएम धामी ने नवनियुक्त कार्मिकों को भेजा शुभकामना पत्र, ईमानदारी और जनसेवा का दिया संदेश

देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने राज्य में पिछले चार वर्षों के दौरान सरकारी सेवाओं में चयनित हुए नवनियुक्त कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से पत्र भेजकर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से ईमानदारी, निष्पक्षता और मानवीय मूल्यों के साथ जनसेवा में योगदान देने की अपील भी की।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने उन्हें दूसरी बार राज्य का मुख्य सेवक बनने का दायित्व सौंपा। जनता के इस विश्वास और जनादेश की भावना के अनुरूप सरकार ने कार्यभार संभालते ही प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती अभियान शुरू किया।

सीएम धामी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा बीते चार वर्षों में लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को राजकीय सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि अब राज्य के युवा अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के दम पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत के साथ-साथ राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए कठोर नकल विरोधी कानून और पारदर्शी चयन प्रक्रिया ने भी योग्य अभ्यर्थियों को उचित अवसर और सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि किसी भी युवा का राजकीय सेवा में चयन केवल उसके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि राज्य सरकार के लिए भी गर्व और महत्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने चयनित कार्मिकों से अपील की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ करें तथा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहें।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कई चयनित युवाओं से दूरभाष पर बातचीत भी की। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

Previous articleदेहरादून में जनगणना ड्यूटी के दौरान शिक्षिका पर रॉटविलर का हमला, हाथ पर आए गहरे जख्म, मालिक पर 25 हजार का जुर्माना
Next articleदेहरादून में सड़क विवाद के बाद अधिवक्ता पर हमला, थार सवार युवकों ने कार में मारी टक्कर, पत्थर से तोड़ा शीशा