देहरादून: उत्तराखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम अब राहत देने की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज आंधी, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। मंगलवार से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है।
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
अन्य पर्वतीय जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बदलाव का असर पूरे प्रदेश में तापमान पर पड़ेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है।
तापमान में आएगी गिरावट
बीते 24 घंटों के दौरान मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा। राजधानी देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सोमवार को घटकर 37.9 डिग्री सेल्सियस हो गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में प्रदेशभर के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। 28 अप्रैल को देहरादून में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
3 मई तक ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, 3 मई तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इस दौरान बीच-बीच में बारिश, आंधी और तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिलेगी।



