उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम: 9 जिलों में बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के नौ जिलों में बारिश के साथ अंधड़ और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पर्वतीय जिलों में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। विशेष रूप से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य के मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रह सकता है, लेकिन कुछ जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है। उन्होंने बताया कि चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वालों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। इसके साथ ही किसानों और स्थानीय प्रशासन को भी मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने को कहा गया है।

Previous articleहरिद्वार: हैंडपंप के लिए कुआं खोदते समय बड़ा हादसा, मलबे में दबा बुजुर्ग; राहत-बचाव जारी
Next articleUK Board Result 2026: 10वीं-12वीं का रिजल्ट जारी, दो लाख से अधिक छात्रों का इंतजार खत्म