रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। यह हादसा भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर उस समय हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि वाहन में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते कार सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली ऊखीमठ पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी और एसडीआरएफ पोस्ट अगस्तमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार ने किया। रात के अंधेरे और दुर्गम खाई में उतरकर जवानों ने कड़ी मशक्कत के बीच संयुक्त अभियान चलाया। टीम ने दो शवों को बाहर निकाल लिया है, जबकि तीसरे शव को निकालने का प्रयास देर रात तक जारी रहा।
पुलिस के अनुसार, हादसे में मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30 वर्ष), अंशुल (28 वर्ष) और अमित सिंह (35 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों मृतक रुद्रप्रयाग जिले के ही निवासी बताए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।



