टिहरी गढ़वाल में शादी का खाना बना मुसीबत: 35 लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार, अस्पताल में भर्ती

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में एक शादी समारोह के दौरान परोसा गया खाना लोगों के लिए मुसीबत बन गया। समारोह में भोजन करने के बाद 35 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि सभी की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चंबा ब्लॉक के ढरसाल गांव के निवासी 13 और 14 अप्रैल को बादशाहीथोल में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल हुए थे। इस दौरान भोजन करने के कुछ समय बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते कई लोग उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के साथ बीमार पड़ गए।

स्थिति गंभीर होने पर 20 लोगों को बुधवार को और 15 अन्य को गुरुवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें कुछ मरीजों को चंबा अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि अन्य को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

अस्पताल में भर्ती मरीजों में महिलाओं की संख्या अधिक बताई जा रही है। बीमार हुई महिलाओं ने बताया कि उन्होंने शादी में गोलगप्पे और चाऊमीन जैसे खाद्य पदार्थ खाए थे, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।

चंबा अस्पताल के सीएमएस डॉ. अमित राय ने बताया कि सभी मरीजों का इलाज जारी है और उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। डॉक्टरों की टीम लगातार मरीजों की निगरानी कर रही है।

प्रशासन की ओर से भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए गए हैं, ताकि फूड पॉइजनिंग के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Previous articleदेहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे: 12 किमी अंडरपास पर सालभर का वैज्ञानिक अध्ययन शुरू, 245 कैमरा ट्रैप से वन्यजीवों की निगरानी
Next articleचमोली: मंडल–चोपता रोड पर सेना का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, दो जवान घायल; एक को हेली से हायर सेंटर रेफर