भीमताल में गोवंश से भरा ट्रक पकड़ा, ग्रामीणों और भाजपा नेताओं का हंगामा; तीन लोग हिरासत में

भीमताल (नैनीताल)। नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र में गोवंश को कथित रूप से अमानवीय तरीके से ट्रक में भरकर ले जाने का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और स्थानीय भाजपा नेताओं में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौके पर पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को कब्जे में लेकर तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब छह बजे भीमताल की ग्राम पंचायत जंतवालगांव में एक ट्रक में गोवंश को ठूंस-ठूंसकर हल्द्वानी की ओर ले जाया जा रहा था। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों की नजर वाहन पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही भीमताल कोतवाल राजेश यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान ट्रक में आठ मवेशी भरे हुए पाए गए। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर वाहन चालक और अन्य सवार लोग संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने मवेशियों समेत वाहन को कब्जे में लेकर सभी आरोपियों को कोतवाली पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि ट्रक में भरे गए मवेशियों में से दो की हालत गंभीर थी, जिन्हें तत्काल पशु चिकित्सालय भेजकर उपचार कराया गया। वहीं, अन्य मवेशियों को सुरक्षित रूप से भीमताल की एक निजी गोशाला में भेज दिया गया है।

घटना को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्जुन जंतवाल, भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट और कुलदीप बोहरा समेत कई स्थानीय नेताओं ने नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि गोवंश को बेहद अमानवीय तरीके से वाहन में ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था। इसको लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में भीमताल निवासी एक आरोपी दूसरे समुदाय से संबंधित है, जिससे मामले ने और संवेदनशील रूप ले लिया। हालांकि, पुलिस ने इस पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।

भीमताल कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि वाहन में सवार तीन लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान पंकज जोशी, आशु पाठक, शरद पांडे, कमल देवका, मोनू पांडे, गौतम मटियाली और अंकित रावत सहित कई स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे।

Previous articleCBSE बोर्ड में नई व्यवस्था लागू: परिणाम से असंतुष्ट छात्रों को मई में ‘सेकेंड बोर्ड’ परीक्षा का मौका
Next articleदेहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे: 12 किमी अंडरपास पर सालभर का वैज्ञानिक अध्ययन शुरू, 245 कैमरा ट्रैप से वन्यजीवों की निगरानी