टिहरी झील में सी-प्लेन की सफल लैंडिंग, पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान; दो दिन और होगा ट्रायल

टिहरी (उत्तराखंड): उत्तराखंड के टिहरी झील में सी-प्लेन उतारने की लंबे समय से चल रही कवायद आखिरकार सफल हो गई है। मंगलवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाला सी-प्लेन शाम करीब 5:30 बजे कोटी कॉलोनी स्थित टिहरी झील में सफलतापूर्वक लैंड किया गया। इस ऐतिहासिक ट्रायल को देखने के लिए मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर सी-प्लेन का स्वागत किया।

दरअसल, टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू करने को लेकर काफी समय से सर्वे और तैयारियां चल रही थीं, लेकिन तकनीकी कारणों और फिजिबिलिटी की कमी के चलते पहले ट्रायल सफल नहीं हो पा रहे थे। मंगलवार को हुए ट्रायल ने इन सभी अड़चनों को पार करते हुए नई उम्मीद जगा दी है।

सुबह से ही इस ट्रायल को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। पर्यटन विभाग और पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे। शुरुआत में सी-प्लेन की लैंडिंग का समय सुबह 9 बजे और फिर दोपहर 12 बजे तय किया गया था, लेकिन बार-बार समय में बदलाव होता रहा। अंततः शाम करीब 5:30 बजे सी-प्लेन को सफलतापूर्वक झील में उतारा गया।

ट्रायल के दौरान कंपनी की ओर से सी-प्लेन की दो बार लैंडिंग और टेकऑफ भी कराया गया, जिससे इसकी तकनीकी क्षमता और संचालन की संभावनाओं का परीक्षण किया गया। इस सफल ट्रायल से स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने बताया कि कंपनी के अधिकारियों के अनुसार बुधवार और बृहस्पतिवार को भी टिहरी झील में सी-प्लेन का ट्रायल जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सी-प्लेन संचालन के दौरान झील में चल रही बोटिंग गतिविधियों पर असर न पड़े, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी।

जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने जानकारी दी कि टिहरी झील में पहली बार 19 सीटर सी-प्लेन का सफल ट्रायल किया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी दो दिनों तक और ट्रायल किए जाएंगे, जिसके बाद आगे की योजना पर निर्णय लिया जाएगा।

गौरतलब है कि टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू होने से राज्य में पर्यटन को नया आयाम मिलने की उम्मीद है। इससे देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

Previous articleदेहरादून में पीएम मोदी का पहाड़ी अंदाज: ब्रह्मकमल टोपी और गढ़वाली-कुमाऊंनी भाषा से जीता दिल, सीएम धामी की जमकर तारीफ