Dehradun: पीएम मोदी के दौरे से पहले डाट काली मंदिर दो दिन बंद, आज सीएम योगी करेंगे निरीक्षण व पूजा

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर देहरादून स्थित डाट काली मंदिर में सुरक्षा व्यवस्थाएं कड़ी कर दी गई हैं। इसी के चलते मंदिर में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। अब भक्त 14 अप्रैल को दोपहर 2 बजे के बाद ही माता रानी के दर्शन कर सकेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम के तहत दून पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वह मां डाट काली मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

सुरक्षा कारणों से रविवार शाम 5 बजे से मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। मंदिर के इतिहास में यह पहला मौका है जब लगातार दो दिनों तक आम भक्तों के लिए मंदिर के द्वार बंद किए गए हैं। मंदिर समिति के अनुसार यह निर्णय पूरी तरह सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों के तहत लिया गया है।

रविवार को मंदिर परिसर में हुई बैठक में महंत रमन प्रसाद गोस्वामी के पुत्र शुभम गोस्वामी ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंदिर परिसर को पूरी तरह से सुरक्षा घेरे में रखा गया है।

मंदिर समिति के सेवादार दिनेश अग्रवाल और गौरव कुमार ने बताया कि भक्तों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को दोपहर बाद ही मंदिर को आम श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा।

आज सीएम योगी करेंगे दर्शन और निरीक्षण
प्रधानमंत्री के दौरे से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आज डाट काली मंदिर पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह शाम 3:50 बजे एलिवेटेड कॉरिडोर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे और करीब 4 बजे मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। दर्शन के बाद वह लगभग 4:15 बजे वहां से रवाना हो जाएंगे।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार तैयारियों की निगरानी कर रही हैं।

Previous articleदेहरादून में सीएम धामी ने थामा झाड़ू, बल्लूपुर चौक पर चलाया स्वच्छता अभियान, जनभागीदारी पर दिया जोर
Next articleदेहरादून में सीएम धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज पर बनी फिल्म का प्रोमो-Poster लॉन्च किया