रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां भोगपुर गांव के पास स्थित खाटू श्याम मंदिर में सो रहे एक सेवादार की अज्ञात बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी। रविवार सुबह मंदिर परिसर में खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर के गोधना निवासी 65 वर्षीय राजवीर पिछले करीब दो महीनों से मंदिर में सेवादार के रूप में सेवा कर रहे थे। वह रोजाना की तरह शनिवार रात को भी मंदिर परिसर में सोए हुए थे।
रविवार सुबह जब एक ग्रामीण मंदिर पहुंचा तो उसने राजवीर को खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तुरंत गांव में सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी, कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी और भिक्कमपुर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बदमाश चोरी के इरादे से मंदिर में घुसे थे। इसी दौरान सेवादार के जागने और विरोध करने पर आरोपियों ने उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।



