देहरादून में पीएम मोदी के दौरे की तैयारियां तेज, सीएम धामी ने जसवंत ग्राउंड व डाट काली मंदिर का किया निरीक्षण

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड और डाट काली मंदिर पहुंचकर व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने, यातायात के सुचारू संचालन के लिए प्रभावी योजना बनाने और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जनसभा स्थल पर मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं और साफ-सफाई तथा सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है।

Previous articleजनगणना को लेकर अलर्ट: प्रगणक नहीं मांगेगा कोई दस्तावेज, फर्जी लिंक और ऐप से रहें सावधान
Next articleरुड़की में मंदिर सेवादार की हत्या: सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट, खून से लथपथ मिला शव