टिहरी हादसा: घुत्तू के पास खाई में गिरा पिकअप वाहन, चालक की मौत, SDRF ने घायल को बचाया

टिहरी गढ़वाल: जिले में तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया और घायल को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा घुत्तू क्षेत्र के समीप सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ। स्थानीय लोगों द्वारा वाहन के खाई में गिरने की सूचना SDRF को दी गई। सूचना मिलते ही टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचकर SDRF टीम ने देखा कि पिकअप वाहन (UK 07 CD 0854) गहरी खाई में गिरा हुआ था। वाहन में कुल दो व्यक्ति और एक खच्चर सवार थे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम ने घायल पूरन सिंह (55 वर्ष), पुत्र रूप चंद्र सिंह, निवासी ग्राम साथियाला पट्टी भिलंग, टिहरी गढ़वाल को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

वहीं, चालक बॉबी (28 वर्ष), पुत्र जगबीर लाल, निवासी खलासी पट्टी पालीगढ़ की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। हादसे में वाहन में सवार खच्चर की भी मौत हो गई।

प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार वाहन के अनियंत्रित होने के चलते यह दुर्घटना हुई है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Previous articleदेहरादून में पीएम मोदी का दौरा: 14 अप्रैल को लच्छीवाला टोल फ्री, आशारोड़ी बैरियर भी हटेंगे
Next articleहल्द्वानी में ‘रन फॉर अवेयरनेस’ रैली को सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी, युवाओं को दिलाई नशा मुक्त जीवन की शपथ