देहरादून में पीएम मोदी का दौरा: 14 अप्रैल को लच्छीवाला टोल फ्री, आशारोड़ी बैरियर भी हटेंगे

देहरादून: प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। 14 अप्रैल को देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण और गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 14 अप्रैल को लच्छीवाला टोल प्लाजा सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक पूरी तरह टोल फ्री रहेगा। इस दौरान फास्ट टैग के माध्यम से भी किसी प्रकार का टोल शुल्क नहीं वसूला जाएगा। इसके अलावा, आशारोड़ी बैरियर को भी अस्थायी रूप से हटा दिया जाएगा, ताकि वाहनों की आवाजाही में कोई बाधा न हो।

प्रशासन का कहना है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। खासकर सीमावर्ती और पर्वतीय जिलों से बसों और निजी वाहनों के जरिए लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में टोल प्लाजा और बैरियर पर जाम की स्थिति से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि शहर को जाम मुक्त रखने और कार्यक्रम स्थल तक लोगों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी करेंगी। इसके साथ ही यातायात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सहयोग करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Previous articleउत्तराखंड में वाहन चालकों की भर्ती का सुनहरा मौका, 72 पदों पर निकली वैकेंसी; 17 अप्रैल से शुरू होंगे आवेदन
Next articleटिहरी हादसा: घुत्तू के पास खाई में गिरा पिकअप वाहन, चालक की मौत, SDRF ने घायल को बचाया